
पटना: पटना के बाढ़ अनुमंडल में उमानाथ घाट के पास गुरुवार को तेज हवा के कारण सब्जी से भरी एक छोटी नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में नाव सवार 3 लोगों की मौत हो गई। नाव में करीब 14 से 16 लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, नाव रोज की तरह दियारा क्षेत्र से सब्जियां लेकर उमानाथ मंदिर घाट लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे तेज हवा और नदी की तेज धार के कारण नाव संतुलन खो बैठी और गहरे पानी में डूब गई। नाव पर ज्यादातर महिलाएं और बच्चे सवार थे, जो सब्जियां बेचने का काम करते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय लोगों और नाविकों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अब तक सात लोगों को जीवित बचा लिया गया है, जबकि तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।मृतकों की पहचान लीला देवी (40), नीलम कुमारी (30) और काशी कुमार (15 ) के रूप में हुई है।