
जालंधर: जालंधर के चर्चित आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के लॉ गेट के नजदीक फायरिंग की घटना सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल सिमरनजीत सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा आए हुए थे। एलपीयू के लॉ गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात युवकों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
फायरिंग के बाद यूनिवर्सिटी गेट और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से सिमरनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और काफी खून बहने के कारण बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल सिमरनजीत सिंह को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच और हमलावरों की तलाश में जुटी है।