जालंधर : जिला प्रशासन द्वारा 14 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज, जालंधर में होने वाली 9 दिवसीय Agniveer Recruitment Rally की तैयारियों को लेकर आज रैली वाले स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम शुभी आंगरा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कहा कि भर्ती रैली को उचित ढंग से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने रैली वाले स्थान की सफाई, रैली में शामिल होने वाले युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीने का स्वच्छ पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, शौचालय, सुरक्षा प्रबंध, मेडिकल टीमें और फायर ब्रिगेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भर्ती रैली के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रबंध निर्धारित समय के अंदर पूरा करने के लिए कहा।
बैठक में डायरेक्टर रिक्रूटमेंट, जालंधर कैंट, कर्नल रश्मि नारायण, डिप्टी डायरेक्टर, जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो नीलम मेह, प्रिंसिपल सरकारी स्पोर्ट्स कॉलेज रणवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।