जालंधर : District Administration ने श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित करवाए जा रहे समारोहों की श्रृंखला के तहत जालंधर में पहुंचने वाली शोभा यात्रा के शानदार स्वागत और ठहराव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीन्नू ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधों का जायजा लिया।
यहां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में हुई बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर और चेयरमैन ने बताया कि शोभा यात्रा 2 दिसंबर को जालंधर में प्रवेश करेगी और शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए अगले दिन 3 दिसंबर को हुशियारपुर के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि 2 दिसंबर को शोभा यात्रा का ठहराव जालंधर में होगा।
उन्होंने संबंधित विभागों को शोभा यात्रा के रूट पर सफाई, सजावट, रोशनी, सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा, मेडिकल सुविधा, सुरक्षा प्रबंध, फायर ब्रिगेड समेत अन्य जरूरी प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शोभा यात्रा में शामिल होने वाली संगत को किसी भी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े। इसके अलावा शोभा यात्रा के साथ आने वाली संगत के रहने, खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि शोभा यात्रा के शानदार स्वागत और संगत की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत की कि सभी प्रबंध बेहतर आपसी तालमेल से समय पर पूरे किए जाएं ताकि संगत को कोई असुविधा न हो।
चेयरमैन ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा का स्वागत पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने संगत से शोभा यात्रा में बढ़-चढ़कर शिरकत करने की अपील की।
बैठक में सभी एस.डी.एम. के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।