
अमृतसरः आतंकवाद की जननी पाकिस्तान की बेशक अपनी हालत खस्ता है मगर भारत के खिलाफ नापाक साजिशें रचने से बाज नहीं आ रहा है। भारत में गैर कानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान की तरफ से तस्करी के माध्यम से हथियारों की खेपे भेजी जा रही है।
आज भी पंजाब पुलिस को अमृतसर में हथियारों की बड़ी खेप की तस्करी के संबंध में खुफिया रिपोर्टे मिलीं, जिस पर काम करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित संचालकों द्वारा संचालित अत्याधुनिक हथियारों और नशीले पदार्थों के एक बड़े सीमा पार तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क से जुड़े पांच प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों के पाकिस्तान स्थित आईएसआई गुर्गों से सीधे संबंध थे। पकड़ी गई खेप गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के ज्ञात सहयोगी नव उर्फ नव पंडोरी को दी जानी थी, जो एक व्यापक आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़ का संकेत देता है।
जब्त किए गए हथियार और अन्य सामग्री
- एक एके सैगा 308 असॉल्ट राइफल
- 2 मैगजीन
- 2 ग्लॉक पिस्तौल 9 मिमी
- 4 मैगजीन
- एके राइफल के 90 जिंदा कारतूस
- 10 जिंदा कारतूस (9 मिमी)
- 7.50 लाख रुपये की ड्रग मनी
- एक कार और 3 मोबाइल फोन