
जालंधर: ‘आई लव मुहम्मद’ पर हुए विवाद को लेकर हिंदू संगठनों ने श्रीराम (कंपनी बाग) चौक पर धरना लगाकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा नेता शीतल अंगुराल और कई अन्य नेता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।
यह विवाद शुक्रवार शाम को तब भड़क गया जब प्रेस क्लब के पास मुस्लिम और हिंदू गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दरअसल, ऑल इंडिया उलेमा के सदस्य कमिश्नर कार्यालय में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी बीच, पोस्ट ऑफिस के पास स्कूटर चला रहे योगेश नाम के एक युवक ने भीड़ में “अल्लाहु अकबर” का नारा सुना और “जय श्री राम” का नारा लगा दिया।
इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। योगेश का आरोप है कि मुस्लिम युवकों ने उनके स्कूटर को घेर लिया, उन्हें धक्का दिया और पीटा। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें जबरन “अल्लाहु अकबर” का नारा लगाने के लिए कहा गया । इस घटना के प्रकाश में आते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने पहले प्रेस क्लब चौक और फिर बी.एम.सी. चौक को जाम कर दिया, जिससे देर शाम तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। उनकी मांग पर पुलिस ने मुस्लिम पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया। हालाँकि, दोषियों की गिरफ्तारी की शर्त पर यह प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।