
हरियाणा के सोनीपत जिले में एसटीएफ और सीआईए गोहाना की टीम और व्यापारी के अपहरण तथा फिरौती मांगने के मामले में फरार तीन बदमाशों के बीच सिकंदरपुर माजरा से खेड़ी दमकन रोड पर एनकाउंटर में दो बदमाश जख्मी हो गए। पुलिस ने जख्मी बदमाशों और उनकी तीसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। घायलों को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में दाखिल करवाया गया है।
उक्त सभी बदमाश गोहाना के व्यापारी नीटू डांगी के अपहरण और 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के केस में संलिप्त थे। घायल हुए दोनों बदमाशों कपिल पुत्र महेन्द्र वासी निजामपुर और दीपक पुत्र बलजीत निवासी निवासपुर के खिलाफ हत्या और हत्या प्रयास के अलावा रंगदारी मांगने के करीब 2 दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। तीसरा बदमाश साहिल खान पुत्र जहूर अहमद पंजाब के डेरा बस्सी का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने गोहाना के उद्योगपति नीटू दांगी के अपहरण की साजिश रची थी। आरोपियों ने नीटू दांगी का अपहरण कर उसे खेतों में बने एक कमरे में बंधक बनाकर रखा था तथा परिवार से फिरौती मांगी थे। इस केस में पहले भी पुलिस कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।