
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री पंजाब एवं कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आज कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मुलाकात की। सियासत से लंबी चुप्पी के बाद आज नवजोत सिंह सिद्धू की इस मुलाकात ने पंजाब की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। इस मुलाकात से उनकी राजनीति में वापसी को लेकर नई अटकलें लगाई जा रही हैं।
सोशल मीडिया X पर अपनी इस मुलाकात को लेकर एक तस्वीर सांझा करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
सिद्धू ने अपनी पोस्ट में प्रियंका और राहुल गांधी का जिक्र करते हुए लिखा,”अपनी गुरु, प्रकाश स्तंभ और मार्गदर्शक देवदूत से मुलाकात की… मुश्किल समय में साथ खड़े रहने के लिए मैं उनका और भाई का आभारी हूँ…”
प्रियंका गांधी से इस मुलाकात के सियासी मायने
नवजोत सिंह सिद्धू की प्रियंक गांधी के साथ इस मुलाकात को कई कारणों से सियासी रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिद्धू ने लंबे समय से सार्वजनिक रूप से और सियासी बयानों दूरी बनाई हुई है। प्रियंका गांधी के साथ उनकी मुलाकात को उनकी पंजाब की सक्रिय राजनीतिक में वापसी के रूप में देखा जा रहा है। उनकी पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू कुछ दिन पहले ही 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव अमृतसर से लड़ने की मंशा जाहिर कर चुकी है।
हालांकि इस मुलाकात को व्यक्तिगत बताया जा रहा है, लेकिन इसने सिद्धू की संभावित वापसी और पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करने की कांग्रेस की योजनाओं को लेकर सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।