
रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर का आज गुरुवार को रिमांड खत्म हो गया है और सीबीआई उन्हें सीबीआई कोर्ट में लेकर पहुंच चुकी है। हाई-प्रोफाइल जांच में पहले ही मामले से कई आईपीएस और आईएएस अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं, जिससे सीबीआई दोबारा रिमांड मांग सकती है, वहीं विजिलेंस ब्यूरो की रिमांड की मांग कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि भुल्लर से पूछताछ के दौरान सीबीआई को अहम जानकारी मिली है जिससे पता चलता है कि पंजाब के कई वरिष्ठ अधिकारी पटियाला के एक प्रॉपर्टी डीलर भूपिंदर सिंह के जरिए बेहिसाब संपत्ति को ठिकाने लगाने में शामिल हो सकते हैं।
बता दें सीबीआई ने 16 अक्तूबर को एचएस भुल्लर को रिश्वत लेते हुए रंगे-हाथों गिरफ्तार किया था तथा अपनी प्रारंभिक रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद से न्यायिक हिरासत में हैं। गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाकर सीबीआई ने 7 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपए नकद, लगभग 2 करोड़ 32 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने और 26 महंगी ब्रांडेड घड़ियां बरामद की थीं।