
जम्मू-कश्मीरः जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश करने की घटना सामने आई है। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से हमला विफल हो गया। इस घटना में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी गोली के छर्रे लगने से मामूली तौर पर घायल हो गए।
घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार नासिर असलम वानी जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके स्थित रायल पार्क बैंक्वेट हॉल में एक वरिष्ठ वकील की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। अचानक एक व्यक्ति पीछे से आया और अपने लाइसेंसी हथियार से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए हमलावर को धक्का देकर रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक गोली चल गई, जिसके छर्रे लगने से उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को हल्की चोट लग गई। समारोह में मौजूद चिकित्सकों और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया।
सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल (60) के रूप में हुई है, जो जम्मू शहर के पुरानी मंडी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते कहा कि वह फारूक अब्दुल्ला को पिछले 20 साल से मारने की कोशिश कर रहा है।