
पटियाला: भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा डायरिया रोकने में की गई लापरवाही और पर्याप्त प्रबंध न करने के कारण पटियाला में डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है, जिससे लोगों में दहशत फैल रही है। अलीपुर गांव में 50 से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित हैं और शहर में भी कई जगह मामले सामने आ रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने कहा है कि पटियाला शहर और गांवों के लोग हर साल डायरिया से पीड़ित होते हैं, इसका कोई स्थायी समाधान नहीं है, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की लापरवाही के कारण यह समस्या पैदा हो रही है।
भाजपा नेता परमजीत सिंह कैंथ ने कहा कि स्वास्थ्य कल्याण मंत्री डा. बलवीर सिंह का गृह जिला पटियाला है और पिछले साल की तरह इस बार भी पटियाला देहाती विधानसभा क्षेत्र व अन्य स्थानों पर डायरिया का प्रकोप जोरों पर है। पंजाब सरकार का सेहत विभाग व नगर निगम पटियाला इस पर काबू पाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं, क्योंकि उन्होंने डायरिया को रोकने के लिए समय रहते प्रबंध नहीं किए।
बरसात के मौसम में ऐसी बीमारियां फैल रही हैं, जो जानलेवा हैं, लेकिन सेहत विभाग बीमारियों पर पूरी तरह काबू पाने में विफल रहा है। हर साल केंद्र सरकार ग्रामीण सेहत मिशन के तहत जानलेवा बीमारियों से लड़ने के लिए बजट का प्रबंध करती है, लेकिन पंजाब सरकार का सेहत विभाग इसे पूरी तरह लागू नहीं कर पाता।
सरदार कैंथ ने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा नगर निगम को कई शिकायतें की गई, लेकिन निगम ने इन शिकायतों को हल्के में लिया, जिस कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।