
चंडीगढ़ः पंजाब रोडवेज पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने सरकार की प्रस्तावित किलोमीटर स्कीम के खिलाफ 17 नवंबर दोपहर 12 बजे से चक्का जाम करने का ऐलान किया है।
यूनियन का कहना है कि किलोमीटर स्कीम निजी बसों को बढ़ावा देगी और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाएगी। यूनियन नेताओं ने कहा कि वे पहले ही सरकार को स्पष्ट कर चुके हैं कि किलोमीटर स्कीम घाटे का सौदा साबित होगी। इसके बावजूद सरकार निजी बसों के टेंडर खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। यूनियन की प्रमुख मांग कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने की भी है।
सभी डिपो कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे डिपो में मौजूद रहें। हड़ताल के पहले दिन पीआरटीसी चेयरमैन,एमडी के आवास और हेड ऑफिस के बाहर धरना दिया जाएगा। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने कदम पीछे नहीं खींचे तो 18 नवंबर को मुलाजिम चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर “पक्का धरना” देंगे। |