
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपित व्लादिमीर पुतिन के बीच पिछले दिनों अलास्का में हुई बैठक भले ही बेनतीजा रही हो लेकिन इस बैठक के बाद पिछले चार साल से चले आ रहे रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति की उम्मीदें जगने लगी हैं। जल्द ही अमरीका, रूस और यूक्रेन के बीच एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना होने की चर्चा चल रही है। डोनाल्ड ट्रंप की इस पहलकदमी का यूरोप के शीर्ष नेताओं ने समर्थन किया है।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात होने जा रही है। इस बैठक में यूरोपीय नेता भी शामिल होंगे।
यह बैठक ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच अलास्का में हुई अहम वार्ता के बाद हो रही है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रविवार को साफ किया कि यूरोपीय नेता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे।
पता चला है कि सोमवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ मीटिंग से पूर्व आज रविवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीरर ज़ेलेंस्की रोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात के लिए ब्रुसेल्स पहुंचे, राष्ट्रपति के प्रवक्ता सेरही निकिफोरोव ने संवाददाताओं को बताया।
इससे पूर्व मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ फोन पर बातचीत की। “दोनों राष्ट्रपतियों ने अलास्का में हुई वार्ता में क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की। पुतिन ने अपने बेलारूसी समकक्ष को पिछले रूस-अमेरिका शिखर सम्मेलन के परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।”
वहीं डाउनिंग स्ट्रीट ने रविवार को पुष्टि की है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर भी सोमवार को व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत के लिए यूक्रेन के प्रधानमंत्री वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के साथ यूरोपीय नेताओं सहित शामिल होंगे।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के अलावा यूरोप के जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और भी मीटिंग के लिए मौजूद रहेंगे। यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सला वॉन डेर लेयेन ने जेंलेंस्की से मुलाकात के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेस में इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि स्टार्मर और यूरोपियन नेता ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस बैठक में जेंलेंस्की के साथ शामिल होंगे।
अब एक सवाल पर पेंच फंसता दिखाई देता है कि क्या यूक्रेन डोनबास क्षेत्र के बाकी हिस्से को रूस को सौंप देगा, जिसमें रूसी सैनिकों द्वारा मुक्त नहीं किए गए क्षेत्र भी शामिल हैं। हालांकि वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि सिर्फ यूक्रेन ही इस बात का फैसला करेगा कि शांति समझौता कैसा होना चाहिए।
वहीं यूरोपीय नेताओं ने भी स्पष्ट कहा है कि किसी भी शांति समझौते में यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा को मजबूत गारंटी के साथ शामिल किया जाएगा। यूक्रेन के भविष्य, उसके गठबंधनों और उसकी जमीन से जुड़े फैसले केवल कीव ही करेगा।
यूरोपीय नेताओं ने यह भी साफ किया कि रूस को यूक्रेन के नाटो और यूरोपीय संघ में शामिल होने की प्रक्रिया पर कोई वीटो अधिकार नहीं होगा।