
उत्तर प्रदेशः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर घटाल गांव के श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर -कंटेनर की टक्कर में 8 की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बतायाजा रहा है कि ट्रैक्टर में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे।
सभी कासगंज से जाहरवीर (गोगाजी) के दर्शन के लिए गोगामेड़ी राजस्थान जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। बुलंदशहर के एस.एस.पी. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि देर रात करीब 2:15 बजे अलीगढ़ बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर ट्रैक्टर में सवार होकर 60-61 लोग कासगंज जिले से राजस्थान जा रहे थे।
पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर पलट गया और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। 45 लोगों का अभी इलाज चल रहा है, जिनमें से 3 को छोड़कर बाकी सभी की हालत ठीक बताई जा रही है।