
जालंधर: जालंधर के जेपी नगर मे बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर सोने की चूड़ियां लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारी जय इंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह 8.15 बजे की है। पूछताछ में पता चला कि पीड़ित 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला जनक कंवर घर में अकेली रहती है। विदेश में रहते उनके बच्चों ने उनके देखभाल के लिए 7 केयरटेकर रखे हैं।
चौंकाने वाली बात ये है कि जिस दौरान यह घटना हुई, उस समय घर में कोई भी केयर टेकर नहीं था। वहीं घर के ऊपर किराएदार भी रहते हैं। बुजुर्ग महिला को लोई में लिपटा व्यक्ति चाकू लेकर घर पहुंचा। बुजुर्ग को डरा धमकाकर गहने उतारने के लिए धमकी दी। इस दौरान आरोपी महिला की 2 सोने की चूड़ियां ले गया, हालांकि बालियां और अन्य गहने ले जाने में नाकाम रहा।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इस मामले में केयर टेकर से पूछताछ की जा रही है। वहीं किरायेदारों में से एक ही घर पर मिला, जबकि दूसरा दफ्तर गया हुआ था, उसे भी थाने बुलाया गया है।