
मोहाली: मोहाली के गांव समगोली के युवक की अमेरिका में मौत या गई। युवक हरदीप सिंह (28) को उसके पैतृक गांव में नम आंखों से विदाई दी गई। जांच में सामने आया है कि युवक 37 लाख का कर्ज लेकर डंकी रूट से अमेरिका गया था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो ट्रेवल एजैंटों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार हरदीप सिंह करीब डेढ़ साल पहले ‘डंकी’ रूट के जरिए भारत से कोलंबिया और मैक्सिको के घने जंगलों को पार करते हुए अमेरिका पहुंचा था। वह करीब आठ महीने मैक्सिको में ही फंसा रहा, जहां हालात बेहद खराब थे। परिवार को उम्मीद थी कि अमेरिका पहुंचने के बाद उसकी जिंदगी पटरी पर आ जाएगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
हरदीप के विदेश जाने के लिए उसके परिवार ने करीब 37 लाख रुपए खर्च किए थे। यह रकम गांव के ही एजेंटों को दी गई थी, जिन्होंने उसे सुरक्षित अमेरिका पहुंचाने का वादा किया था।
गांव के सरपंच जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान नितिन सैनी निवासी बरनाला और सुखविंदर सिंह सैनी निवासी भांखरपुर, डेराबस्सी के रूप में हुई है। डेराबस्सी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन सैनी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से उसका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।