अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ बांटा दुःख, कहा- राहत और बचाव में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी


Aryan Academy AD

चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज पंजाब के सुलतानपुर लोधी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, जहां विनाशकारी बाढ़ ने अभूतपूर्व तबाही मचाई है। मीडिया से बात करते हुए, केजरीवाल ने संकट की भयावहता, राहत और बचाव के लिए पंजाब सरकार के चौबीसों घंटे किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला और केंद्र से तत्काल सहायता की अपील की। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल भी ‘आप’ सुप्रीमो के साथ मौजूद थे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस साल की बाढ़ पंजाब के इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ में से एक है, जिसकी तुलना केवल 37 साल पहले 1988 की बाढ़ से की जा सकती है। पूरे के पूरे गांव डूब गए हैं, जिससे घरों, फसलों और बुनियादी ढांचे का भारी नुकसान हुआ है। केजरीवाल ने लोगों की पीड़ा पर गहरी चिंता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

सरकार के जमीनी प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से लेकर विधायक, डीसी, एसएसपी सहित सभी अधिकारी और ‘आप’ के कार्यकर्ता, पूरा पंजाब प्रशासन लोगों को बचाने और राहत प्रदान करने के लिए अथक रूप से काम कर रहा है। कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

केजरीवाल ने उल्लेख किया कि कुछ परिवार अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं, जबकि अन्य को बचाकर सुसज्जित राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां सरकार ने पर्याप्त भोजन, आश्रय और आवश्यक आपूर्तियों को सुनिश्चित किया है।

Advertisement Space

केजरीवाल ने पंजाब के लोगों के साहस और भावना की प्रशंसा करते हुए याद दिलाया कि जब भी देश को जरूरत पड़ी, पंजाब हमेशा सबसे आगे रहा है, चाहे वह भारत की सीमाओं की रक्षा करना हो या पूरे देश का पेट भरने के लिए हरित क्रांति का नेतृत्व करना हो।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान आज उनके साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आने वाले थे, लेकिन तीन-चार दिनों तक बिना उचित आराम या भोजन के लगातार बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद वे बीमार पड़ गए।

केजरीवाल ने कहा, “मैं आज सुबह उनसे मिला और उनसे दो दिन आराम करने का अनुरोध किया क्योंकि उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया है। फिर भी, इस हालत में भी, उनकी एकमात्र चिंता यह थी कि पंजाब के लोगों को अधिकतम राहत कैसे प्रदान की जाए।”

अरविंद केजरीवाल ने दोहराया कि ‘आप’ सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा की हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हर संभव संसाधन, ‘आप’ सरकार, हर प्रशासनिक विंग और हर ‘आप’ वालंटियर पंजाब को उबारने और पुनर्निर्माण में दिन रात काम कर रहे हैं।

Advertisement Space

Leave a Comment