
अमृतसर: बीएसएफ ने 37 करोड़ की हेरोइन बरामद की है। जानकारी के अनुसार पंजाब सीमा पर नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सीमा सुरक्षा बल ने पिछले 24 घंटों में कई कार्रवाईयों के दौरान 6.641 किलोग्राम हेरोइन, 429 ग्राम अफीम और एक ड्रोन से पिस्टल के पार्ट्स बरामद किए। यह कार्रवाई अमृतसर और तरनतारन बॉर्डर इलाके में की गई।
गांव दाओके, अमृतसर के पास खेतों में संदिग्ध हवाई गतिविधि देखे जाने पर बीएसएफ के जवानों ने तुरंत तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पीले टेप में लिपटे और इल्यूमिनेशन स्टिक व धातु की रिंग लगे दो बड़े पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 6.641 किलोग्राम पाया गया। पैकेट खोलने पर अंदर से 12 छोटे पॉली पैकेट मिले जिनमें हेरोइन भरी हुई थी।
दूसरी कार्रवाई में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर बीएसएफ ने गांव महावा, अमृतसर के खेतों से अफीम का एक पैकेट (वजन 429 ग्राम) बरामद किया। इसके अलावा, तरनतारन बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन आवाजाही का पता चलते ही बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी में डीजेआई एयर-3 ड्रोन और पिस्टल पार्ट्स बरामद किए गए।