
चंडीगढ़: खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के कारण देश में पेट्रोल – डीजल की कमी की अफवाहों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में फिलहाल पेट्रोल का 12 दिन, डीजल का 14 दिन और LPG गैस का करीब 6 दिन का स्टॉक उपलब्ध है।
सीएम ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति पहले भी रही है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखी जा रही हैं, लेकिन किसी तरह का संकट नहीं है। लॉकडाउन लगने की कोई संभावना नहीं है। कुछ भी स्टोर करनें की जरूरत नहीं हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन पेट्रोल पंपों पर भीड़ है, उनकी तुरंत जांच की जाए। राज्य सरकार लगातार चीफ सेक्रेटरी, डीसी और केंद्र सरकार के मंत्रालयों के संपर्क में है। सीएम ने यह भी कहा कि देश में करीब 60 दिन का तेल स्टॉक मौजूद है ।
उन्होंने बताया कि आने वाली गेहूं की फसल को ध्यान में रखते हुए ट्रैक्टर, कंबाइन और ट्रकों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मंडियों में काम प्रभावित न हो।