
पंजाब के जिला पटियाला के नाभा क्षेत्र में प्रदर्शनकारी किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प होने का मामला प्रकाश में आया है। नाभा की डीएसपी मंदीप कौर ने किसानों पर उसके साथ धक्का-मुक्की करने, बदसलूकी और उसका जूड़ा खींचने का आरोप लगाया है।
डीएसपी मंदीप कौर ने आरोप लगाया कि जब वह किसी ज़रूरी काम से जा रही थीं, तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ बदसलूकी की।
उन्होंने कहा कि किसानों ने उनकी कार रोकी, वर्दी खींची और उन का जूड़ा भी खींचा। उसके साथ बहुत ही अभद्र व्यवहार किया, जो अस्वीकार्य है।
दूसरी ओर किसान नेताओं ने आरोपों का खंडन किया। उन्होंने दावा किया कि वे न्याय के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी डीएसपी ने कथित तौर पर भीड़ पर अपना वाहन चढ़ाने की कोशिश की।
बता दें कि किसान शंभू मोर्चा आंदोलन के दौरान उनकी ट्रॉलियां चोरी हो जाने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे।