
जालंधरः आम आदमी पार्टी जालंधर के ज़िला प्रधान अमृतपाल सिंह ने कांग्रेस के ज़िला प्रधान के बयान को झूठ, भ्रम फैलाने वाला और तथ्यहीन राजनीति बताते हुए कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पेंशन के मुद्दे पर बयानबाज़ी कर रही है, जबकि जनता अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस सरकार के समय महीनों तक पेंशन रुकी रहती थी, बुजुर्ग दफ़्तरों के चक्कर काटते थे और बढ़ी हुई राशि धरातल तक पहुँचती ही नहीं थी।
अमृतपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस 1500 रुपये की पेंशन का झूठा प्रचार कर रही है, जबकि अपने कार्यकाल में कांग्रेस एक बढ़ी हुई राशि तक ईमानदारी से लाभार्थियों को नहीं पहुँचा सकी। इसके विपरीत AAP सरकार ने आते ही पेंशन बहाल की, पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजा और पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया, ताकि किसी बुजुर्ग को अपमान न झेलना पड़े।
स्मार्ट सिटी और विकास के पैसों का सबसे बड़ा घोटाला, कांग्रेस ज़िम्मेदार
अमृतपाल सिंह ने सख़्त लहज़े में कहा कि कांग्रेस सरकार स्मार्ट सिटी का पैसा हज़म कर गई, और आज वही कांग्रेस के नेता विकास पर भाषण दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि
सड़कों का पैसा खा लिया गया, सीवरेज का पैसा खा लिया गया, स्कूलों और हॉस्पिटलों के फंड नेताओं की जेब में चले गए, और सबसे शर्मनाक—कांग्रेस नेताओं ने अपने रिश्तेदारों को खुश करने के लिए कारपोरेशन में ठेके बाँटे, जिनमें करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता इन घोटालों को आज भी नहीं भूली, और यही कारण है कि कांग्रेस के झूठे आरोपों पर जनता भरोसा नहीं करती।
कांग्रेस के पास काम नहीं, सिर्फ़ आरोप
अमृतपाल सिंह ने कहा कि जालंधर में तेज़ी से हो रहे विकास—नई सड़कें, सीवरेज के काम, स्ट्रीटलाइटें, स्कूलों की मरम्मत, मोहल्ला क्लीनिकों का विस्तार—सब देखकर कांग्रेस घबरा चुकी है, क्योंकि कांग्रेस जानती है कि काम जितना नज़र आएगा, उनकी राजनीति उतनी ही कमज़ोर होती जाएगी।
“कांग्रेस अपने घोटालों पर चुप है, और पेंशन पर सलाह दे रही है — जनता सब देख रही है”
अमृतपाल सिंह ने कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं और गरीबों की पेंशन पर राजनीति करने से पहले कांग्रेस अपने काले रिकॉर्ड पर नज़र डाले। जनता को अब सिर्फ़ काम चाहिए—और काम सिर्फ़ आम आदमी पार्टी करके दिखा रही है।