
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश और राजस्थान में नकली कफ सिरप से 11 बच्चों की मौत हो गई। इसमें मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 9 बच्चे, जबकि राजस्थान के भरतपुर और सीकर में 2 बच्चे हैं।
राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले परिजनों का आरोप है कि वह 2 साल के बच्चे की खांसी का इलाज कराने के लिए स्वास्थ्य केंद्र गए थे, जहां डॉक्टर ने उसे कफ सिरप दी। घर वापस आकर जैसे ही बच्चे को यह दवा दी गई, वह सो गया।
कई घंटों तक होश में नहीं आने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 4 दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीकर में भी एक 5 साल के बच्चे की मौत हुई है, जो कफ सिरप पीने के बाद बेहोश हो गया था। उसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में भी कफ सिरप पीने से अब तक 9 बच्चों की मौत हो चुकी है। इन बच्चों को किडनी फेल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।