
नई दिल्लीः भूटान से लोटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली लाल किला धमाके में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मोदी बुधवार दोपहर 2 बजे के करीब भूटान दौरे से लौटे थे।
दिल्ली पहुंचते ही प्रधानमंत्री आवास जाने की जगह वह सीधे लोक नायक अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं अब तक की जांच में पता चला है कि आंतकियों द्वारा 200 बमों से 26/11 जैसे हमले की साजिश रची गई थी।
इसमें 3 शहर टारगेट पर थे। सोमवार शाम दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में भारी विस्फोट हुआ था। कार में मौजूद विस्फोटकों से 12 लोगों की मौत जबकि कई घायल हो गए थे। कार पुलवामा का रहने वाला डा. मोहम्मद उमर नबी चला रहा था।
यह धमाका जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवात-उल-हिंदसे जुड़े “व्हाइट-कॉलर टेरर मॉड्यूल” के खुलासे के कुछ घंटे बाद हुआ था। पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन डॉक्टर यूनिवर्सिटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इन डॉक्टरों के पास से करीब 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ। अल-फलाह यूनिवर्सिटी ने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा है कि उसका आतंकियों या उनकी गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है।