
अमेरिकाः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की यूटा वैली यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में भाषण देने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली सीधे उनकी गर्दन में लगी, मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना से आहत राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते कहा कि चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। मैं और मेलानिया उनकी पत्नी एरिका और परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि चार्ली को श्रद्धाजंलि देने के लिए पूरे अमेरिका में राष्ट्रीय ध्वज को रविवार शाम 6 बजे तक आधा झुकाया जाएगा।
व्हाइट हाउस ने भी इस आदेश की पुष्टि करते हुए कहा कि चार्ली किर्क को सम्मान देने के लिए सभी सरकारी संस्थानों में झंडे झुके रहेंगे। अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, दो संदिग्धों को हिरासत में लेने के बाद बिना सबूत के रिहा कर दिया गया । बता दें 31 वर्षीय चार्ली किर्क ने अमेरिकी राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे दक्षिणपंथी युवा संगठन टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक थे। उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप के बेहद करीबी माना जाता था।