
नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह छापेमारी की। बताया जा रहा है कि उक्त कार्रवाई 5,590 करोड़ के अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ी जांच के तहत की गई है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2018-19 में दिल्ली सरकार द्वारा स्वीकृत 24 अस्पतालों का निर्माण 6 माह में किया जाना था, लेकिन अभी तक अधिकतर प्रोजेक्ट अधूरे पड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक करीब ₹800 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन सिर्फ 50% कार्य ही पूरा हो पाया है। ईडी ने पहले ही इस मामले में ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज कर ली थी। सौरभ भारद्वाज के साथ-साथ पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन भी जांच के दायरे में हैं। दोनों नेताओं पर यह आरोप है कि उन्होंने अपनी पद की जिम्मेदारी का दुरुपयोग करते हुए निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को नजरअंदाज किया।