
बठिंडाः गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के किसान मार्च के दौरान किसानों और पुलिस में झड़प हो गई। किसान डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना देने जा रहे थे। पुलिस बैरिकेडिंग के कारण वे बठिंडा -चंडीगढ़ हाईवे पर बैठ गए ।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारी किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
इसी दौरान बठिंडा की ओर आ रहे किसानों के साथ पटियाला के समाना क्षेत्र में पुलिस की झड़प हुई, जिसके बाद कई किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं संगरूर जिले के गांव शेरों में भी किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की खबर है, जहां से भी कुछ किसानों को हिरासत में लिया गया। किसानों की मुख्य मांग जेल में बंद उनके दो साथियों बलदेव सिंह (गांव चाओके) और शगनदीप सिंह (गांव जियोंद) की तत्काल रिहाई है।