
राजस्थान: राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मान सिंह अस्पताल में रविवार देर रात लगी आग से 7 मरीजों की मौत हो गई। हादसा अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर स्थित न्यूरो ICU वार्ड में हुआ, जहां रात करीब 11:20 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि हादसे के वक्त आईसीयू और सेमीआईसीयू में कुल 18 मरीज भर्ती थे। इनमें से 11 मरीज उसी वार्ड में थे, जहां आग लगी थी।
आग लगते ही वहां मौजूद मशीनों से उठे धुएं और जहरीली गैसों ने स्थिति और गंभीर बना दी। आग की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ, सुरक्षाकर्मी और रिश्तेदार मरीजों को बाहर निकालने में जुट गए।
दमकल विभाग की 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 18 मरीजों को तुरंत दूसरे वार्डों और अस्पताल के सुरक्षित हिस्सों में शिफ्ट किया गया। इनमें से 5 की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।