
चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा सरकार की बेहतरीन पहल से पेपरलेस सिस्टम से समाज में बहुत बड़ा बदलाव आएगा। हरियाणा देश का पहला प्रदेश होगा जिसमें रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन पंजीकरण होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शिता के लिए सरकार द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आज हरियाणा नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा यमुनानगर में राजस्व विभाग की नई पहल पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट व राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पैमाइश को भी ऑनलाइन करके लोगों को राहत देने का कार्य सरकार ने किया है। वहीं राजस्व कोर्ट प्रणाली की मॉनिटरिंग भी ऑनलाइन करके अच्छी पहल की शुरुआत की है। इससे लोग इस कोर्ट संबंधी तारीख केस और स्टेट्स ऑनलाइन देख सकेंगे। वहीं आमजन की सुविधा के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट प्रणाली शुरू करके राहत दी है। इससे राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी के साथ-साथ रजिस्ट्री पंजीकरण व राजस्व कोर्ट संबंधित केस के संबंध में व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से सूचना प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राजस्व विभाग में लागू की गई पेपरलेस प्रणाली से अब और अधिक पारदर्शिता आएगी और लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने राजस्व विभाग में किए गए परिवर्तन को लेकर संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यालयों के कर्मचारियों के साथ-साथ अपने अपने क्षेत्र में आने वाले गांवों में ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने इसमें व्यवस्था बनाने के लिए सभी जरूरी उपकरण जैसे डोंगल व इंटरनेट आदि उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि कार्यप्रणाली में कोई समस्या नहीं आए। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में डिजिटल क्रांति का सूत्रपात हो रहा है और सरकार आम जन मानस तक घर बैठे सरकारी सेवाएं प्रदान कर रही है।