
जालंधरः 2009 बैच के आईएएस अधिकारी श्री रामवीर सिंह ने मंगलवार को जालंधर के नए डिवीजनल कमिश्नर के तौर पर पद्भार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों को लागू करने के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।
गौरतलब है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री रामवीर सिंह राज्य सरकार में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे हैं। जनसेवा के प्रति अपने सक्रिय और उत्तरदायी दृष्टिकोण के लिए जाने जाने वाले रामवीर सिंह को राज्य में व्यापक प्रशासनिक अनुभव है।
आईएएस अधिकारी ने राज्य सरकार में पटियाला, संगरूर और पठानकोट के उपायुक्त, मार्कफेड के प्रबंध निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। इस अवसर पर जालंधर कमिश्नर श्री हिमांशु अग्रवाल ने अपने कार्यालय में नए संभागीय आयुक्त का स्वागत किया। इससे पहले, पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी द्वारा संभागीय आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।