
जालंधर/शाहकोट : हिमाचाल प्रदेश में और बारिश होती है या भाखड़ा बांध से और पानी छोड़ा जाता है तो बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं राज्यसभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने धुस्सी बांध पर एकत्र हुए लोगों से सतर्क रहने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को रोपड़ बैराज से सतलुज दरिया में 1 लाख 14 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि सतलुज दरिया की क्षमता 2 लाख क्यूसिक की है।
संत सीचेवाल ने कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश में और बारिश होती है या भाखड़ा डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाता है, तो बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वर्तमान में गिद्दड़पिंडी पुल के नीचे करीब 1 लाख 28 हजार क्यूसिक पानी बह रहा है।
ड्रेनेज विभाग के एक्सियन सिरताज सिंह ने बताया कि सतलुज दरिया का पानी अभी धुस्सी बांध से नीचे बह रहा है। उन्होंने कहा कि धुस्सी बांध की मजबूती और निगरानी के लिए विभाग के एस.डी.ओ. और जे.ई. हमेशा तैनात किए हुए है।
डिप्टी कमिश्नर ने विधायक इंदरजीत कौर मान के साथ गांव आलोवाल का किया दौरा, स्थिति का लिया जायजा
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश और सतलुज नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण उत्पन्न हुई स्थिति के मद्देनजर डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने नकोदर से विधायक इंदरजीत कौर मान के साथ गांव आलोवाल का दौरा किया।
गांव में पानी जमा होने की स्थिति का जायजा लेते हुए, उन्होंने पानी की निकासी के लिए आवश्यक मशीनरी तुरंत लगाने के निर्देश दिए।
विधायक और डिप्टी कमिश्नर ने वहां स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार हर स्थिति से पूरी तरह सतर्क है और बाढ़ जैसी किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि हर स्थिति पर पूरी सतर्कता के साथ नजर रखी जा रही है और प्रशासन की टीमें पहले से ही फील्ड में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा बाढ़ से बचाव सहित राहत कार्यों के लिए पुख्ता इंतजाम पहले ही सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिले भर में 54 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, साथ ही आवश्यक मशीनरी, राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक और डिप्टी कमिश्नर ने फील्ड में तैनात अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी तन्मयता और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाने और लोगों को हर संभव सहयोग व सहायता प्रदान करने की अपील की।
इस दौरान एस.डी.एम. लाल विश्वास बैंस और एन.एच.ए.आई. के अधिकारी भी मौजूद थे।
