
भारत की आर्थकि प्रगति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के मुताबिक भारत अरबपतियों का गढ़ बन गया है। लिस्ट के मुताबिक भारत में अब 350 अरबपति हैं, जो 13 साल पहले जब यह सूची पहली बार जारी की गई थी, तब की तुलना में अब भारत में छह गुना अधिक अरबपति हैं।
बता दें कि मुकेश अंबानी और उनका परिवार 9.55 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ इंडिया रिच लिस्ट 2025 सूची में फिर से पहले स्थान पर बने हुए हैं। वहीं, गौतम अडानी और उनका परिवार 8.15 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं 2.84 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ रोशनी नादर मल्होत्रा तीसरे नंबर पर हैं और सुपस्टार शाहरुख खान ने भी लिस्ट में जगह बनाई है। लिस्ट के मुताबिक रोशनी नादर मल्होत्रा देश की सबसे अमीर महिला के रूप में सामने आई हैं।
हुरुन लिस्ट के 14वें संस्करण में 1,687 ऐसे कारोबारियों के नाम शामिल हैं जिनकी संपत्ति 1,000 करोड़ रुपए से अधिक है। लिस्ट में 284 नए लोगों को शामिल किया गया है, जिससे पिछले साल के मुकाबले इस सूची में मौजूद कारोबारियों की संख्या में 148 का इजाफा हुआ है। वहीं, बीते पांच वर्षों में यह संख्या 859 बढ़ी है।
इस सूची में भारत के अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर 167 लाख करोड़ रुपए हो गई है, जो भारत की जीडीपी का लगभग 50 प्रतिशत है।
कौन हैं रोशनी नादर मल्होत्रा
रोशनी नादर मल्होत्रा एक भारतीय व्यवसायी और समाजसेवी और एचसीएल टेक्नोलॉजीजी की अध्यक्ष हैं । वह भारत में किसी सूचीबद्ध आईटी कंपनी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला हैं। अरबपति व्यवसायी शिव नादर की इकलौती संतान हैं ।
फोर्ब्स की दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में उन्हें क्रमशः 60वें और 54वें स्थान पर रखा गया था। वह एचसीएल कॉर्पोरेशन की सीईओ भी हैं, जो सभी एचसीएल समूह संस्थाओं की होल्डिंग कंपनी है।