
जम्मू-कश्मीरः ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में श्रीनगर आज लगातार दूसरे दिन भी बंद है। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में उग्र प्रदर्शन किया था, जिसके विरोध में सुरक्षाबलों द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करके कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।
उधर, मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालातों के बीच यूएई से चार फ्लाइट सोमवार देर रात दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु पहुंचीं। अबू धाबी में फंसे भारतीयों ने देश लौटकर राहत की सांस ली। एक यात्री ने बताया कि होटल के पास ही धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे दहशत का माहौल था।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट के लिए उड़ानें फिर शुरू करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बहाल की हैं। वहीं भारत सरकार ने सभी राज्यों को भड़काऊ भाषणों और संभावित तनाव को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल, यूएई, बहरीन, सऊदी अरब और जॉर्डन के शीर्ष नेतृत्व से बात कर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और हालात पर चर्चा की।