
अमेरिकाः अमेरिका के कैलिफोर्निया में सड़क हादसे के लिए जिम्मेदार भारतीय मूल के 21 वर्षीय ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ट्रक चालक की पहचान जसनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। जिस समय हादसा हुआ वह नशे की हालत में था। वह यूबा सिटी का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को कैलिफोर्निया की 10 फ्रीवे पर ओंटारियो शहर के पास जसनप्रीत सिंह नशे की हालत में तेज रफ्तार से ट्रक चला रहा था और उसने सामने धीमी रफ्तार से चल रही गाड़ियों पर ब्रेक नहीं लगाई, जिसके चलते टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर खड़े कई वाहनों में आग भी लग गई थी।
बताया जा रहा है कि हादसे का मुख्य आरोपी जशनप्रीत सिंह 2022 में गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। इमिग्रेशन कोर्ट में सुनवाई के दौरान उसे अमेरिका में रहने की इजाजत मिल गई थी। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस व्यक्ति को पहले ही गैरकानूनी तरीके से पकड़ा गया था उसे कैलिफोर्निया ने व्यावसायिक वाहन चलाने का लाइसेंस किस आधार पर जारी किया था। वहीं इस गंभीर और संवेदनशील हादसे पर अब व्हाइट हाउस ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इमिग्रेशन पॉलिसी और लाइसेंसिंग प्रक्रिया पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।