
जालंधर : जालंधर के युवक की इंगलैंड जाते वक्त समुद्र में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भोगपुर के गांव भटनूरा लुबाना का अरविंदर सिंह (29) 18 मई को पुर्तगाल वर्क परमिट पर गया था। उसका 5 सितंबर को बायोमेट्रिक प्रोसेस पूरा हुआ।
वहां कुछ युवाओं के संपर्क में आने के बाद उसने इंग्लैंड जाने की ठान ली। पहले उसने ट्रक से सफर करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर नाव का रास्ता चुना। फ्रांस से नाव के जरिए इंग्लैंड की तरफ जाते वक्त 2 अक्तूबर को नाव पलट गई थी। उसका शव पेरिस से करीब 360 किलोमीटर दूर मिला है।
परिजनों ने बताया कि 29 सितंबर को हुई आखिरी फोन कॉल में अरविंदर ने उनको अपनी योजना के बारे में कुछ नहीं बताया। उनको अरविंदर के दोस्त, जो उसी नाव में सवार था, ने फोन पर हादसे की जानकारी दी। उसने बताया कि नाव पलटने के बाद सभी को बचा लिया गया, लेकिन अरविंदर लापता हो गया। परिवार ने सरकार से अरविंदर के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है।