
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
स्थानीय गवर्नमेंट आर्ट एंड स्पोर्ट्स कॉलेज में जिला प्रशासन के नेतृत्व में चल रही भारतीय सेना (अग्निवीर) भर्ती रैली के चौथे दिन, पश्चिमी कमान मुख्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा ने भर्ती रैली स्थल का दौरा किया और रैली की व्यवस्थाओं का विशेष जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि अब तक 6250 अभ्यर्थी भर्ती रैली में भाग ले चुके हैं, जिनमें से 2,000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं।
इस अवसर पर जालंधर कैंट के सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विप्लव, जिला रोजगार एवं व्यवसाय ब्यूरो की उप निदेशक नीलम महे और अन्य सैन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। इस दौरान अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और रैली में भाग लेने आए युवाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
आज की रैली में अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ 6 मिनट 15 सेकंड में पूरी की। इसके बाद अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा, चिन अप, 9 फीट जंप, जिगजैग बैलेंस, शारीरिक माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल टेस्ट आदि किया गया।
