
नई दिल्ली:अमेरिका और इजराइल के साथ ईरान के बीच बढ़ते टकराव का असर भारत में रसोई गैस यानी एलपीजी की उपलब्धता पर भी पड़ा है। देश के कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सिलेंडरों की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने और आप केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में फिर बदलाव किया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 45 दिन का इंतजार करना होगा।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि हाल के दिनों में एलपीजी की मांग अचानक बढ़ गई है। कई उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करने लगे थे, जिससे वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में बुकिंग के बीच न्यूनतम समय अंतराल तय करना जरूरी हो गया था।