
चंडीगढ़:खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब भारत में भी पड़ने लगा है। पंजाब में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई बाधित होने से शादियों के सीजन पर असर पड़ सकता है। कैटरर्स और मैरिज पैलेस संचालक गैस की कमी को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार पंजाब के कई जिलों में कामर्शियल एलपीजी सिलैंडर की सप्लाई ठप्प हो गई है। घरेूल रसोई गैस सिलेंडर की आनलाइन बुकिंग बंद कर दी गई है। अब 25 दिन बीतने के बाद भी सिलैंडर मिलेगा। आनलाइन बुकिंग बंद होने से लोग परेशान हैं। कई जिलों में कामर्शियल सिलेंडर न मिलने से शादियों में परेशानी खड़ी हो रही है।
पंजाब के फरीदकोट, होशियारपुर, पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हो गई है। इससे शादियों में खाना बनाने वाले हलवाइयों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अनुमान है कि प्रदेश में आने वाले दिनों में करीब 10 हजार से ज्यादा शादियों पर इसका असर पड़ सकता है।
शादी वाले परिवारों में भी चिंता का माहौल है। लोग जहां एक तरफ शादी की खरीदारी, रिश्तेदारों को निमंत्रण देने और घरों को सजाने में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडर की व्यवस्था के लिए भी भागदौड़ करनी पड़ रही है। कई परिवार अपने स्तर पर दोस्तों और रिश्तेदारों के जरिए एलपीजी सिलेंडर का इंतजाम करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं साबित हो रही।