
पठानकोट: पठानकोट पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में जम्मू-कश्मीर के सांबा के रहने वाले 15 साल के नाबालिग को गिरफ्तार किया है। वह करीब एक साल से पठानकोट में रहकर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों लिए जासूसी कर रहा था।
एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लो ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग पाकिस्तान समर्थित फ्रंटल टेरर ऑर्गेनाइजेशन के संपर्क में है। इसी इनपुट पर रविवार को सुजानपुर इलाके के 4 नंबर पुल पर नाकाबंदी के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पता चला कि उसके पिता की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो गई थी, जिसे वह हत्या मानता था। इसी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर पाकिस्तानी एजेंसियों ने पहले उससे चैटिंग की, फिर बातचीत बढ़ाई । बाद में लालच देकर जासूसी के जाल में फंसा लिया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी तकनीकी रूप से काफी समझदार है। उसके फोन से क्लोनिंग के जरिए पूरी जानकारी ली जा रही थी। वह कई महत्वपूर्ण स्थानों की वीडियो रिकॉर्ड कर चुका था। पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।