
चंडीगढ़ः गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान गई लापता महिला तीर्थयात्री सरबजीत कौर का पता चल गया है। उसने पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन कर अपना नाम नूर हुसैन रखकर शेखूपुरा के नासिर हुसैन से निकाह कर लिया है।
बता दें सरबजीत कौर (48) कपूरथला की रहने वाली हैं। वह 4 नवंबर को सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ वाघा-अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान गई थीं। जत्था 13 नवंबर को भारत लौट आया, लेकिन वे साथ वापस नहीं आईं।
पाकिस्तान में वायरल हुए उर्दू निकाहनामे में दावा किया गया है कि कौर ने शेखूपुरा के निवासी नासिर हुसैन से निकाह किया है। बताया जा रहा है 2 बेटों ती मां सरबजीत कौर पहले से तलाकशुदा हैं ।
कपूरथला पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दो कपूरथला सिटी में और एक कोट फत्त्ता, बठिंडा में, जो मुख्य रूप से धोखाधड़ी और ठगी से संबंधित हैं।