
जालंधर : सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को राज्य के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य बीमा प्रोग्राम की शुरुआत के तौर पर शहर में लाभार्थियों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के लिए स्लिपों का वितरण किया।
इस मौके पर लोगों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने ऐसी अनोखी और गतिशील स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को 10 लाख रुपये तक की गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने इस पहल को पंजाब सरकार की ओर से एक ‘बड़ा तोहफा’ बताया ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी परिवार इलाज से वंचित न रह जाए।
भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत हर योग्य निवासी को 10 लाख रुपये तक का नकद रहित इलाज की सुविधा मिलेगी। इलाज का पूरा खर्चा पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
इस योजना को आम आदमी के लिए वरदान बताते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इससे चिकित्सा खर्चों का बोझ काफी कम हो जाएगा और लोग बिना किसी चिंता के समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि लाभार्थी जिले भर के सभी 179 कॉमन सर्विस सेंटर्स (सी.एस.सी.) पर इस योजना के तहत अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कोई भी निवासी, जिसके पास पंजाब आधार कार्ड या वोटर कार्ड है, वह इस योजना का लाभ ले सकता है।
जनता को अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए श्री भगत ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे स्वास्थ्य कार्ड रजिस्ट्रेशन कैंपों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने की अपील की।
स्लिप वितरण के दौरान लोगों ने उत्साह से भाग लिया। निवासियों ने आशा व्यक्त की कि यह योजना राज्य भर में स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव लाएगी।