
आंध्र प्रदेश: नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सबसे खतरनाक नक्सलियों में गिने जाने वाले माड़वी हिड़मा को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है।
हिड़मा के साथ 5 अन्य नक्सली भी ढेर हुए। मुठभेड़ सुकमा से लगे आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले के पास हुई। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच घंटों तक गोलीबारी चली। इसमें कुल 6 नक्सली मारे गए। फायरिंग अभी भी कुछ इलाकों में जारी है।
यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कई नक्सली घने जंगलों में छिपे हैं। इस पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह से दोनों ओर से लगातार गोलीबारी हुई। इसी दौरान सुकमा में भी एक नक्सली मारा गया, जबकि आंध्र प्रदेश में हिड़मा सहित 6 नक्सली ढेर हुए।
अल्लुरी सीताराम राजू जिले के एसपी अमित बरदार के अनुसार मुठभेड़ सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच मारेडुमिल्ली मंडल के जंगल में शुरू हुई। अब तक 6 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। यह पुलिस और विभिन्न सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन था। इस मुठभेड़ में हिड़मा की पत्नी राजे की भी मौत हो गई।