
लुधियाना: 8 वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की लापरवाही सामने आई है। बोर्ड शुक्रवार को हुई आठवीं कक्षा के साइंस विषय के पेपर में तीन प्रश्न पंजाबी में प्रकाशित कराना भूल गया। इस गलती का खामियाजा पंजाबी मीडियम के विद्यार्थियों को झेलना पड़ा।
छात्रों ने बताया कि पंजाबी माध्यम में मुद्रित प्रश्नपत्र के एक सेट से पांच-पांच अंकों के तीन प्रश्न गायब थे।इससे राज्य भर के कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। परीक्षा केंद्रों पर तैनात पर्यवेक्षकों को छात्रों ने इस त्रुटि के बारे में सूचित किया।अमृतसर में तैनात एक पर्यवेक्षक ने बताया कि प्रश्न पत्र कुल 80 अंकों का है, जिसमें एक, दो या तीन अंकों के लघु प्रश्न और तीन पांच अंकों के प्रश्न शामिल हैं।
पंजाबी प्रश्नपत्र में तीन पांच अंकों के प्रश्न गायब थे। इसका मतलब है कि छात्र 15 अंकों के प्रश्नपत्र को हल नहीं कर पाए। इसके सूचना शिक्षकों और केंद्र प्रमुखों ने तुरंत पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड को दी। इस संबंध में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक बैठक बुलाई गई है।