
जालंधर:पंजाब के बागवानी और रक्षा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को अपराध के खिलाफ पंजाब सरकार की शून्य सहिष्णुता नीति को दोहराते हुए कहा कि शांति और जन सुरक्षा को भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
मंत्री ने शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित बब्बर ज्वैलर्स का दौरा किया, जहां कुछ दिन पहले नकाबपोश हमलावरों ने लूट को अंजाम दिया था। दुकान मालिकों और परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए उन्होंने पीड़ितों को आश्वासन दिलाया कि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
श्री भगत ने कहा कि पंजाब पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराध में शामिल लोग कानून से नहीं बचेंगे।
पुलिस की सराहना करते हुए श्री भगत ने कहा कि पुलिस राज्य भर में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले भार्गव कैंप में हुई इसी तरह की घटना में पुलिस टीमों ने 48 घंटों के भीतर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इस मामले को सुलझाने के लिए भी उसी तरह की रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार के संकल्प को दोहराते हुए मंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और उनकी आजीविका की रक्षा सर्वोपरि है और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने के किसी भी प्रयास पर कड़ी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।