
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
बुधवार की रात हुई भारी बारिश के कारण राम नगर गांधी कैंप में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। सबसे अधिक मार गांधी नगर को पहुंची है।
बारिश का पानी लोगों के घरों में भर जाना कोई नई समस्या नहीं है, वर्षों से ऐसा ही चलता आ रहा है, जिसका कोई हल नहीं निकल रहा है।
हालांकि वार्ड नं. 81 की कौंसलर सीमा रानी के पति चरणजीत बद्धन जायजा लेने के लिए लोगों को घरों तक पहुंचे और पानी की मोटरें लगाकर जल्द पानी की निकासी का प्रबंध करने की बात कही है। लेकिन इस अस्थायी हल से समस्या का कोई समाधान होता नजर नहीं आ रहा है।
पानी की निकासी नहीं होने की मूल समस्या गाजी गुला में है। मेन सीवर लाइन ब्रेक है या उसमें इतनी गाद जम गई है कि सीवर लाइन को दुरुस्त करने के नगर निगम के सारे दावे और प्रयास असफल साबित हुए हैं।

पूर्व कौंसलर ज्ञान चंद के प्रयास
राम नगर गांधी कैंप में पानी भरने की समस्या बहुत पुरानी है और पूर्व कौंसलर ज्ञान चंद इस समस्या के हल के लिए काफी प्रयास कर चुके हैं। पूर्व कौंसलर ज्ञान चंद ने इस समस्या के हल के लिए गाजी गुला डिस्पोजल के पास अंडरग्राउंड पानी का टैंक बनवाने की कोशिश की थी।
इसके टैंडर भी हुए लेकिन किसी भी ठेकेदार टैंडर लेने की हामी नहीं भरी। इसके बाद सीमेंटड कुआं बनवाकर जमीनदोज करने की बात भी चली लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ सकी।
इस अंडरग्राउंड टैंक को बनवाने के पीछ पूर्व कौंसलर ज्ञान चंद का मानना था कि बरसात के दिनों में सभी और पानी भर जाता है। हालांकि नगर निगम कर्मचारी पानी की निकासी के लिए पूरे शहर में जी जान से काम करते हैं लेकिन पानी की निकासी में समय लग जाता है।
इस कारण ज्ञान चंद का मानना था कि गाजी गुला के पास अंडरग्राउंड टैंक बन जाने से इसमें रामनगर और गांधी कैंप का पानी स्टोर किया जाएगा और बाद में टैंक में भरे पानी को आगे निकाल दिया जाएगा। इस योजना के अलावा कोई और हल निकलता नजर नहीं आता।