
- अपराध और नशे के खिलाफ लड़ाई में सरकार का समर्थन करने के बजाय भाजपा तस्करों और अपराधियों का साथ दे रही है: नील गर्ग
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा देर रात अकाली दल के पूर्व नेता रंजीत सिंह गिल को पार्टी में शामिल करने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मीडिया से बात करते हुए आप पंजाब के प्रवक्ता नील गर्ग ने इस घटना के संदिग्ध समय, गोपनीयता और राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाया और इसे जांच के दायरे में आए लोगों को बचाने का एक स्पष्ट प्रयास बताया।
नील गर्ग ने पूछा कि गिल को आधी रात को पार्टी में क्यों शामिल कराया गया और इसे पंजाब भाजपा के किसी नेता के बजाय हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने क्यों शामिल कराया?
उन्होंने कहा, “ऐसी क्या जल्दी थी कि विजिलेंस जांच में गंभीर आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति को बिना किसी सार्वजनिक कार्यक्रम या पंजाब के वरिष्ठ नेतृत्व की मौजूदगी के बिना भाजपा में शामिल करा दिया गया? यह चुपचाप और जनता की नज़रों से दूर क्यों किया गया?”
गर्ग ने बताया कि भाजपा में शामिल होने वाला व्यक्ति कथित तौर पर उसी विजिलेंस मामले से जुड़ा है जिसमें वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, “कुछ ही दिन पहले, वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मजीठिया का खुलकर समर्थन किया था। अब, उस मामले से जुड़े एक और व्यक्ति को हरियाणा के मुख्यमंत्री की मदद से भाजपा में शामिल कर लिया गया है। क्या भाजपा यह संकेत देना चाह रही है कि वह नशे के कारोबार में शामिल लोगों के साथ खड़ी है?”