
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
जालंधर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के चर्चित वन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में एक और कार्रवाई करते हुए बुधवार को 53.64 लाख की अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है। यह संपत्ति पूर्व रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर सुखविंदर सिंह बुढलाडा वन रेंज की है।
ईडी ने सतर्कता ब्यूरो, फ्लाइंग स्क्वॉड-I, मोहाली, पंजाब द्वारा आईपीसी, 1860 और भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज 2 एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की।
ईडी की जांच से पता चला कि रेंज वन अधिकारी सुखविंदर सिंह ने विभिन्न गैर-मौजूद संस्थाओं के बिल प्राप्त किए और विभिन्न निजी व्यक्तियों के बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की और बाद में उन व्यक्तियों से नकद प्राप्त की। इन आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने 53.64 लाख रुपये की अपराध आय (पीओसी) अर्जित की।
इससे पहले, पंजाब सरकार के तत्कालीन वन मंत्री, साधु सिंह धर्मसोत को इस मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था और उनके विरुद्ध माननीय विशेष न्यायालय (पीएमएलए), मोहाली में अभियोजन शिकायत दायर की गई थी और इस मामले में आरोप पहले ही तय किए जा चुके हैं। आगे की जांच जारी है।