पंजाब में खोले जाएंगे 200 नए आम आदमी क्लीनिकः मुख्यमंत्री भगवंत मान


Aryan Academy AD

डॉक्टर की पर्ची, टेस्ट रिपोर्ट, अगली अपॉइंटमेंट और स्वास्थ्य देखभाल संबंधी सभी जानकारियां अब मोबाइल पर

चंडीगढ़: पंजाब वासियों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक और ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज घोषणा की कि राज्य में 200 और आम आदमी क्लीनिक खोले जाएंगे, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।

आज यहां टैगोर थिएटर में आयोजित समारोह के दौरान 881 आम आदमी क्लीनिकों को व्हाट्सऐप चैटबॉट से जोड़ने की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक देश का सबसे सफल स्वास्थ्य मॉडल बन रहा है, जहां मरीजों का संपूर्ण इलाज पूरी तरह मुफ्त किया जा रहा है।

Advertisement Space

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही 200 और क्लीनिक शुरू करेगी, जिससे इनकी कुल संख्या 1081 हो जाएगी। वर्तमान में 565 क्लीनिक ग्रामीण क्षेत्रों में और 316 शहरी क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 70,000 मरीज आ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

आम आदमी क्लीनिकों को व्हाट्सऐप चैटबॉट से जोड़ने को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मरीज जब चाहें, अपनी दवाओं और जांच रिपोर्टों की जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर की पर्ची, रिपोर्ट, अगली मिलने की तारीख के समय-समय पर रिमाइंडर के अलावा, शूगर व ब्लड प्रेशर से पीड़ित बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की देखभाल से जुड़ी जानकारी भी व्हाट्सऐप पर दी जाती रहेगी। इससे मरीजों को पर्चियां संभालने की आवश्यकता नहीं रहेगी, वे जब चाहें मोबाइल पर जानकारी ले सकते हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के पास इलाज और बीमारियों से जुड़ा पूरा डाटा भी इकट्ठा हो सकेगा।

Advertisement Space

Leave a Comment