
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एनडीए के सांसदों के साथ बैठक की। बैठक में सुशासन और लोक कल्याण पर केंद्रित मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बैठक से जुड़ी तस्वीरें शेयर कर इसकी जानकारी दी।
पीएम मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “आज, एनडीए सांसदों की बैठक में शामिल हुआ, जिसमें हमने सुशासन और लोक कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने वाले पहलुओं पर सार्थक चर्चा की।” संसद भवन परिसर में आज मंगलवार को संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, और एनडीए के अन्य सांसद भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में संसद परिसर में एनडीए संसदीय दल की हुई बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। एनडीए संसदीय दल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान दिखाए गए भारतीय सशस्त्र बलों के अद्वितीय साहस और अटूट प्रतिबद्धता को सलाम किया। साथ ही, पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति गहरी संवेदना और श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
प्रस्ताव में कहा गया, “एनडीए संसदीय दल हमारे सशस्त्र बलों के अद्वितीय साहस और अटूट प्रतिबद्धता को सलाम करता है, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया।