
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बिक्रम मजीठिया के समर्थन के लिए भाजपा और कांग्रेस पार्टी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टी मजीठिया को बचाने और पंजाब में ड्रग माफियाओं के खिलाफ चल रही सरकार की लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
हालिया घटनाक्रमों पर प्रकाश डालते हुए अरोड़ा ने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से मजीठिया के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर से संबंधित दस्तावेज मांगना स्पष्ट रूप से एक साजिश का संकेत है। उन्होंने कहा, “एनसीबी द्वारा की गई यह मांग बिल्कुल अनुचित है। यह मजीठिया को बचाने के लिए भाजपा की केंद्र सरकार की एक राजनीतिक चाल है। इससे ड्रग सिंडिकेट को खत्म करने के बजाय उन्हें बचाने की भाजपा की असली मंशा का पता चलता है।”
आप नेता ने कांग्रेस और भाजपा नेताओं द्वारा मजीठिया के पक्ष में दिए बयानों की भी आलोचना की। उन्होंने भाजपा नेता रवनीत बिट्टू और सुनील जाखड़ द्वारा मजीठिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का खुलकर विरोध करने का उदाहरण दिया और कहा, “यह स्पष्ट है कि कांग्रेस और भाजपा, ड्रग्स के खिलाफ पंजाब सरकार की लड़ाई का समर्थन करने के बजाय, बार-बार उसमें अड़ंगा लगा रहे हैं।
अरोड़ा ने पंजाब सरकार के प्रयासों को कमजोर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, “2014 से ही भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व को पंजाब में बड़े पैमाने पर हो रहे ड्रग संचालन के बारे में पता है, जैसा कि 2013-14 में जगदीश भोला के बयान राष्ट्रीय स्तर की खबर बनी। फिर भी, भाजपा के नेता इस मामले पर चुप रहें। आज, जब आप सरकार सबूतों के आधार पर निर्णायक कार्रवाई कर रही है, तो वे मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।”
