
चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) के लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कंग ने केंद्र सरकार से मोहाली (चंडीगढ़) स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की अपील की हैं।
इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर दुनिया भर में रह रहे पंजाबियों की मांग के बारे एक ज्ञापन भी सौंपा ।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से चंडीगढ़ से यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमरीका, कनाडा और यूरोपीय देशों सहित प्रमुख वैश्विक गंतव्यों के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब के लिए भी सीधी उड़ान की मांग की क्योंकि यह सिख समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है।
कंग ने कहा, “हमारे महान शहीद भगत सिंह के नाम पर बने इस हवाई अड्डे में सभी आवश्यक बुनियादी ढांचे मौजूद हैं और यह उत्तर भारत के लिए एक अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के रूप में कार्य करने के लिए रणनीतिक रूप से निर्मित है।
कंग ने इस बात पर ज़ोर दिया कि चंडीगढ़ और उसके पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था में प्रमुख योगदानकर्ता हैं। बेहतर हवाई संपर्क अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करेगा, पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इसके अलावा कृषि, फार्मास्यूटिकल्स और आईटी जैसे उद्योगों को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।